



अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक मोहन राव कोडी हुए सम्मानित
भागलपुर : किलकारी बिहार बाल भवन, पटना के तत्वावधान में सैदपुर स्थित बॉल बैडमिंटन कोर्ट पर आयोजित द्वितीय किलकारी बॉल बैडमिंटन प्रीमियर लीग के रोमांचक मुकाबलों में पूल ‘ए’ से किलकारी लायंस और किलकारी चैलेंजर्स तथा पूल ‘बी’ से किलकारी टाइगर्स और किलकारी टाइटंस ने सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर लिया है।

प्रीमियर लीग के दूसरे दिन खेले गए महत्वपूर्ण मैचों में किलकारी चैलेंजर्स ने किलकारी लायंस को 35-30, 35-28 से, किलकारी टाइटंस ने किलकारी टाइगर्स को 35-27, 35-29 से, किलकारी पाइरेट्स ने किलकारी वारियर्स को 35-30, 35-32 से और किलकारी पैंथर्स ने किलकारी ब्लास्टर्स को 35-30, 35-28 से पराजित किया।

किलकारी के प्रशिक्षक राहुल कुमार के अनुसार, शुक्रवार की सुबह 6:30 बजे पहला सेमीफाइनल मैच किलकारी लायंस और किलकारी टाइटंस के बीच तथा दूसरा सेमीफाइनल किलकारी टाइगर्स और किलकारी चैलेंजर्स के बीच खेला जाएगा। फाइनल मैच के उपरांत विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
इस आयोजन के अंतर्गत चल रहे दस दिवसीय निःशुल्क ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में बच्चों को प्रशिक्षण देने आए आंध्रप्रदेश के अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक मोहन राव कोडी को भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के अध्यक्ष एवं बिहार विधान परिषद के सदस्य प्रो. नवल किशोर यादव ने होटल मैत्रया इन, बोरिंग रोड, पटना में अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के निदेशक पवन कुमार केजरीवाल, सचिव गौरी शंकर, पटना जिला संघ के सचिव डॉ. अरुण दयाल, सदस्य शिव नारायण पाल और शिक्षक नेता संतोष श्रीवास्तव उपस्थित थे। यह जानकारी राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने दी।














