



भागलपुर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर शनिवार को भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु राय ने सुल्तानगंज पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उनके साथ जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, एसएसपी हृदयकांत और सिटी एसपी शुभांक मिश्रा भी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के साथ नमामि गंगे घाट और अजगैविनाथ गंगा घाट का निरीक्षण किया तथा मेला की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा, लाइटिंग तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आयुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी विभाग निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों को पूरा करें ताकि मेला अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश भी दिया।
श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। लाखों की संख्या में श्रद्धालु हर वर्ष इस धार्मिक आयोजन में भाग लेते हैं और कांवड़ यात्रा के लिए सुल्तानगंज पहुंचते हैं। ऐसे में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।













