



भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र से अपहृत दो महिलाएं और एक नाबालिग लड़की को पुलिस ने अलग-अलग मामलों में बरामद कर लिया है।
पहला मामला चार वर्ष पुराना है, जब कहलगांव थाना क्षेत्र के एक गांव से शादी के दो दिन बाद ही एक विवाहिता अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। इस मामले में युवती के पिता ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस की सतत छानबीन के बाद उक्त महिला को घोघा थाना क्षेत्र के ओलपुरा गांव से बरामद किया गया। साथ ही उसके प्रेमी हिमांशु कुमार तांती को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
दूसरे मामले में, 16 जून को कहलगांव थाना क्षेत्र के एक अन्य गांव की एक विवाहित महिला अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर फरार हो गई थी। पुलिस के दबाव के चलते वह स्वयं थाना पहुंच गई। इस मामले में भी महिला के परिजनों ने अपहरण का मामला दर्ज कराया था।

तीसरे प्रकरण में, 19 जून को एक नाबालिग लड़की के अपहरण की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खोजबीन तेज की। दबाव बढ़ने पर नाबालिग लड़की स्वयं थाना आ गई। इस मामले में भी परिजनों द्वारा अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
तीनों मामलों में बरामद महिलाओं और लड़की को अनुमंडल अस्पताल ले जाकर चिकित्सकीय जांच कराई गई और बाद में सभी को न्यायालय में बयान दर्ज कराने के लिए प्रस्तुत किया गया।
















