



प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर वीरगति को किया गया नमन
नवगछिया : भारत-पाकिस्तान के बीच हुए कारगिल युद्ध में शहीद हुए नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर प्रखंड अंतर्गत तिरासी गांव निवासी लाल हवलदार रतन कुमार सिंह के परिजनों को कारगिल ब्रिगेड की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

यह सम्मान समारोह शहीद के पूर्णिया स्थित निवास पर सोमवार को आयोजित किया गया। कारगिल ब्रिगेड से आए सेना के अधिकारियों के दल ने शहीद के परिवार को यह सम्मान सौंपा। इस अवसर पर सूबेदार अमितवा दास ने कहा कि हवलदार रतन कुमार सिंह की शहादत देश के लिए एक प्रेरणा है। उनकी वीरता को देश कभी नहीं भूल सकता।
शहीद की पत्नी वीरांगना मीना देवी ने भावुक होते हुए कहा कि जब भी भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध की खबरें आती हैं, तो दिल दहल उठता है। उन्होंने बताया कि सरकार ने तिरासी गांव में शहीद परिवार को खेतिहर भूमि आवंटित की थी, जिसकी रसीद भी अद्यतन है, लेकिन अब तक प्रशासन द्वारा उस पर कब्जा नहीं दिलाया गया है।

शहीद के दोनों पुत्र – शिक्षक रूपेश कुमार सिंह और मंजेश कुमार सिंह ने भी अधिकारियों को अपनी पारिवारिक समस्याओं से अवगत कराया और जमीन की समस्या के समाधान की मांग की।
गौरतलब है कि 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के रूप में पूरे देश में मनाया जाता है। उसी की पूर्व संध्या पर यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जो भारतीय सेना की देशभक्ति और शहीदों के प्रति सम्मान को दर्शाता है।















