



भागलपुर-गोड्डा निवासी बिपिन दास की एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वे अपने भाई के साथ बाइक पर सवार होकर ससुराल बसंतराय जा रहे थे। इसी दौरान आमपुर घोंघा थाना क्षेत्र के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बिपिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए भागलपुर मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बिपिन की पत्नी खुशबू देवी दो दिन पहले ही मायके आई थीं और बिपिन उनसे मिलने जा रहे थे। बिपिन पांच बच्चों के पिता थे।

इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बिपिन के ससुर सुरेश दास ने बताया कि “दामाद का इस तरह अचानक जाना पूरे परिवार के लिए बहुत बड़ा आघात है।” वहीं मृतक के साले बंटी कुमार दास ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।













