



भागलपुर। सिल्क सिटी भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुकुल हाई स्कूल में 12वीं कक्षा की त्रैमासिक परीक्षा के दौरान बुधवार को दो छात्रों के बीच अचानक हुई मारपीट ने स्कूल का माहौल तनावपूर्ण बना दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों छात्रों ने अपने-अपने गुट के लड़कों को स्कूल बुला लिया, जिसके बाद जमकर पत्थरबाजी शुरू हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, एक छात्र मसकनबरारीपुर चंपानगर का रहने वाला है, जबकि दूसरा छात्र भीमकित्ता गांव का बताया जा रहा है। स्कूल के प्रधानाध्यापक मृत्युंजय कुमार ने बताया कि दोनों छात्रों के बीच पूर्व से ही आपसी रंजिश चली आ रही थी। बुधवार को परीक्षा के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
घटना के बाद दोनों छात्रों ने फोन कर अपने-अपने गुट के लड़कों को स्कूल बुला लिया। जैसे ही बाहर से लड़के पहुंचे, स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिससे अन्य छात्र-छात्राएं और शिक्षक भयभीत हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तत्काल स्थिति को संभालने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ), जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) और नाथनगर थाना को सूचना दी।

घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरातफरी मच गई और परीक्षा बाधित हो गई। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति पर काबू पाया गया। हालांकि घटना के बाद स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्कूल प्रबंधन ने संबंधित छात्रों की पहचान कर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, शिक्षा विभाग व स्थानीय प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में भी नाराजगी देखी गई है।















