



भागलपुर। भागलपुर जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र की एक युवती ने नवगछिया निवासी युवक पर निजी तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता अपनी मां और बड़ी बहन के साथ साइबर थाना पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता की मां ने बताया कि आरोपी युवक नवगछिया का रहने वाला है और कुछ समय पहले उसकी बेटी के साथ पढ़ाई करता था। पढ़ाई के दौरान युवक ने चोरी-छिपे उसकी कुछ निजी तस्वीरें खींच ली थीं। अब उन्हीं तस्वीरों का इस्तेमाल कर वह लगातार ब्लैकमेल कर रहा है और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है।

आरोप है कि युवक ने हाल ही में पीड़िता की निजी तस्वीरें उसके होने वाले दूल्हे को भेज दीं, जिससे लड़की की शादी तय होने के बावजूद रिश्ता टूट गया। पीड़िता की मां ने बताया कि बड़ी मुश्किल से बेटी के लिए यह रिश्ता तय हुआ था। मेरी तीन बेटियां हैं और यह मेरी बीच वाली बेटी है। अब यह रिश्ता टूट चुका है, जिससे मानसिक और सामाजिक रूप से गहरा आघात पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि युवक बार-बार धमकी दे रहा है और अब बेटी की शादी को लेकर भविष्य अंधकारमय लग रहा है। परिजनों ने पहले इस मामले की शिकायत लोदीपुर थाना में की थी, लेकिन वहां से मामला साइबर थाना को सौंप दिया गया।
फिलहाल साइबर थाना की पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पीड़िता के परिजनों ने आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में कोई और युवती ऐसी घिनौनी हरकत का शिकार न हो।















