



भागलपुर। जोकसर थाना क्षेत्र के कोयलाघाट में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक निगम कर्मी प्रेमराज ने अपनी पत्नी संजुला कुमारी (27) को आठ बार चाकू मारकर घायल कर दिया। संजुला का आरोप है कि पति लंबे समय से उस पर पैसों की मांग को लेकर अत्याचार करता आ रहा था।
घटना गुरुवार की है। संजुला जब अपने बच्चों को स्कूल से लेकर घर लौटी, तभी पति प्रेमराज ने पहले उसे फोन कर घर बुलाया। घर पहुंचते ही ननद ममता कुमारी ने उससे विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद ससुर रामचंद्र यादव, सास मुक्ति देवी और पति ने मिलकर संजुला को एक कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। फिर प्रेमराज ने शरीर के कई हिस्सों पर आठ बार चाकू से हमला कर दिया।

घायल का भाई युवराज यादव का कहना है कि इसके बाद उसे फंदे से लटकाने की योजना थी। संजुला ने किसी तरह अपनी मां मंजू देवी को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मां मंजू देवी और भाई युवराज मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचते ही ससुराल वालों ने मंजू देवी के साथ भी मारपीट की।
गंभीर रूप से घायल संजुला को लेकर मां और भाई जोकसर थाना पहुंचे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पहले इलाज कराने की सलाह दी। इलाज के इंतजार में संजुला थाने में ही बेहोश हो गई। इसके बाद पुलिस की मदद से उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मायागंज अस्पताल में भी लापरवाही सामने आई। ऑपरेशन थिएटर में लाइट नहीं थी, जिस कारण संजुला को आधे घंटे तक तड़पते रहना पड़ा। ट्रॉलीमैन उसे कभी अंदर ले जा रहे थे, कभी बाहर ला रहे थे। इस दौरान मीडिया को भी अंदर जाने से रोका गया। अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर फिर सवाल उठने लगे हैं।

युवराज यादव ने बताया कि प्रेमराज का कई लड़कियों से अवैध संबंध है और वह पांच लाख रुपये की लगातार मांग कर रहा था। इसे लेकर कई बार विवाद भी हुआ। सात साल पहले दोनों की शादी हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। लेकिन प्रेमराज न बच्चों की जिम्मेदारी उठाता था, न पत्नी की इज्जत करता था।
मां मंजू देवी ने बताया कि प्रेमराज शादी से पहले ही कई लड़कियों से संबंध में था और अब दूसरी शादी करना चाहता है। वह तलाक देने का दबाव बनाकर जिम खोलने के नाम पर पांच लाख की मांग कर रहा था। पैसे नहीं देने पर लगातार बेटी को प्रताड़ित करता था।
जोकसर थानाध्यक्ष कृष्णनंदन कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।














