3.5
(2)

खगड़िया। शुक्रवार की सुबह एनएच 31 पर खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत सतीश नगर के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गड्ढे और निर्माण कार्य के कारण सड़क किनारे खड़ी एक यात्री बस में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा पलटी। गनीमत यह रही कि बस में सवार यात्री बाल-बाल बच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में सवार यात्री किसी कारणवश कुछ देर के लिए सड़क किनारे रुके थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट नीचे पलट गई। इस दौरान बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री बस के शीशे तोड़कर बाहर निकले। हालांकि सभी यात्रियों की जान बच गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

हादसे में ट्रक का उपचालक ट्रक में ही बुरी तरह फंस गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जेसीबी मशीन मंगवाकर ट्रक के डैमेज हिस्से को काटकर उपचालक को बाहर निकाला गया। उसे गंभीर हालत में भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेजा गया है। वहीं ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस, एनएच एंबुलेंस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत कार्य शुरू किया गया। बस को गड्ढे से निकालने के लिए क्रेन बुलवाई गई। हादसे के कारण एनएच 31 पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा, लेकिन वैकल्पिक मार्ग से वाहनों को पास कराया गया।

बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र पहले से ही दुर्घटना संभावित ‘डेंजर जोन’ माना जाता है। एनएच 31 पर सतीश नगर से खगड़िया शहर की ओर जाने वाले इस खंड पर सड़क की हालत काफी खराब है। गड्ढों और निर्माण कार्य के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में स्थायी समाधान और विशेष निगरानी की मांग की है।

इस हादसे के बाद से यात्रियों और ग्रामीणों में दहशत है, वहीं पुलिस ने ट्रक और बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने बताया कि दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 3.5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: