



भागलपुर : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारी को लेकर भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने समीक्षा भवन में बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को 30 जून तक सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लेने का निर्देश दिया।
डीएम ने विद्युत विभाग को मेला क्षेत्र और कांवरिया पथ में सभी विद्युत तारों की मरम्मत और दुरुस्तीकरण का निर्देश दिया। पीएचईडी को सभी चापाकलों को ठीक करने और जलापूर्ति की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर निगम को मेला क्षेत्र की सफाई, सजावट, सड़कों पर पेंटिंग और समग्र सौंदर्यीकरण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

जनसंपर्क विभाग को मेला क्षेत्र में “बाबा की नगरी में आपका स्वागत है” स्लोगन के साथ सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु होर्डिंग्स लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही सामान्य प्रशासन शाखा को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कलाकारों की सूची तैयार करने को कहा गया।
पथ निर्माण विभाग को कांवरिया पथ पर वॉटर टैंकर की उपलब्धता और उनकी जगहों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी सदर और नगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को सुलतानगंज का दौरा कर 30 जून तक मेला क्षेत्र की सभी व्यवस्थाएं स्वयं की निगरानी में सुनिश्चित कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले वर्ष श्रावणी मेला की बेहतरीन व्यवस्था से जिले और राज्य की छवि विश्व स्तर पर बेहतर हुई थी। इस बार उसे और भी बेहतर बनाने का लक्ष्य है।
वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने कहा कि श्रावणी मेला जैसे आयोजनों में शुरुआत से अंत तक व्यवस्था की गुणवत्ता बनी रहनी चाहिए ताकि देश-दुनिया में सकारात्मक संदेश जाए। उन्होंने कहा कि यह मेला राज्य की प्रतिष्ठा से जुड़ा है और सभी विभागों को इसे सफल बनाने के लिए अपने-अपने स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रयास करना चाहिए।













