



भागलपुर।
पंजवाड़ा थाना क्षेत्र के नया नगरी गांव में एक प्रेम प्रसंग का दुखद अंत हुआ। प्रेमी की मौत के बाद प्रेमिका ने भी जहर खाकर अपनी जान दे दी। दोनों आपस में देवर-भाभी के रिश्ते में थे और पिछले तीन वर्षों से उनका प्रेम प्रसंग चल रहा था।
मृतका की पहचान रूपा देवी (37 वर्ष) के रूप में हुई है, जो तीन बच्चों की मां थी। वहीं, प्रेमी की पहचान अमित कुमार उर्फ लंकेश कुमार (32 वर्ष) के रूप में हुई है।
मृतका के पति कौशल किशोर मंडल ने बताया कि मंगलवार को रूपा उसके चचेरे भाई अमित के साथ घर से भाग गई थी। गुरुवार को दोनों थाना पहुंचे और आत्मसमर्पण कर दिया। परिजनों की आपसी सहमति से दोनों को घर भेज दिया गया, लेकिन पति ने रूपा को घर में प्रवेश से रोक दिया।

इधर परिजनों के अनुसार, दोनों झारखंड घूमने गए थे। लौटने के बाद गुरुवार को अमित की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे पहले पंजवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत गंभीर होने पर बाराहाट और अंत में मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत जहर खाने से हुई।
अमित की मौत की खबर सुनकर रूपा ने भी जहर खा लिया। उसकी स्थिति गंभीर होने पर उसे बाराहाट और फिर मायागंज अस्पताल रेफर किया गया, जहां शुक्रवार देर रात उसकी भी मौत हो गई।
मामले में मृतका के बड़े भाई निकेश कुमार मंडल ने मृतका के पति कौशल किशोर मंडल, देवर गौतम मंडल, राजा मंडल, मंटू मंडल, चंदन कुमार मंडल और सरवन मंडल पर हत्या का आरोप लगाया है। इस संबंध में थाने में आवेदन भी दिया गया है। उन्होंने बताया कि अमित पहले गुजरात में रहता था, लेकिन परिजनों ने उसे साजिश के तहत बुलाकर बहन और उसे मौत के घाट उतार दिया।
थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि इलाज के दौरान दोनों की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। हत्या के आरोप की जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को रूपा और उसके पति के बीच तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद पति ने उसे घर से निकाल दिया था। अमित ने भी साथ रखने से इनकार कर दिया था, जिससे रूपा मानसिक तनाव में आ गई थी। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।















