



भागलपुर : भगवान परशुराम जन्मोत्सव के समापन अवसर पर आगामी 6 जुलाई 2025 (रविवार) को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में एक भव्य और ऐतिहासिक आयोजन “सनातन महाकुंभ” का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं श्रीराम कर्मभूमि न्यास के संस्थापक अश्विनी कुमार चौबे के संरक्षण में आयोजित हो रहा है।
सनातन संस्कृति, धर्म, दर्शन और राष्ट्र चेतना को जागृत करने वाले इस आयोजन में देशभर से संत, मनीषी, आचार्य, विद्वान, युवा और श्रद्धालु बड़ी संख्या में जुटेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, वेद-पुराण, धर्मशास्त्र और लोक आस्था का उत्सव मनाते हुए भावी पीढ़ियों को मार्गदर्शन प्रदान करना है।

इसे ऐतिहासिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने बिहार के महामहिम राज्यपाल डॉ. आरिफ मोहम्मद खान से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें “सनातन महाकुंभ” के उद्घाटनकर्ता के रूप में आमंत्रित किया। महामहिम राज्यपाल ने इस आमंत्रण को स्वीकार करते हुए अपनी गरिमामयी उपस्थिति की सहमति दी है।
इसी क्रम में श्री चौबे ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात कर उन्हें इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर आयोजन में भाग लेने की प्रतिबद्धता जताई।
“सनातन महाकुंभ” में सभी धर्मप्रेमियों, युवाओं, समाजसेवियों और श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनें और सनातन परंपरा के उत्सव में सहभागी हों।













