



भागलपुर। रोटरी क्लब ऑफ भागलपुर के वर्ष 2025-26 के लिए स्थापना एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन तिलका मांझी के निकट एक स्थानीय होटल में गरिमामय ढंग से किया गया। इस अवसर पर क्लब के नव निर्वाचित अध्यक्ष अनुपम कुमार, सचिव शशिकला ठाकुर और कोषाध्यक्ष कमल मोहन ठाकुर ने विधिवत शपथ ग्रहण की।
नवगठित निदेशक मंडल में नमिता सहाय, अरविंद तिवारी, नितेश और राजेश वर्मा को शामिल किया गया, जिन्होंने अपने-अपने दायित्वों की शपथ ली। साथ ही, डॉ. संजय शर्मा को क्लब का उपाध्यक्ष चुना गया।

समारोह के विशिष्ट अतिथि के रूप में रांची से पधारे योगेश गंभीर उपस्थित रहे। उन्होंने रोटरी क्लब की गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे समाज सेवा की प्रेरणादायक मिसाल बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत रक्तदान शिविर से हुई, जिसमें कुल 52 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। यह रक्त स्थानीय जरूरतमंदों के लिए उपयोगी साबित होगा।

शाम के सत्र में क्लब द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए स्थानीय छात्रों के बीच निशुल्क साइकिल वितरित की गईं। साथ ही छोटे दुकानदारों को बड़े छाते भी दिए गए, जिससे उन्हें व्यवसाय में सहूलियत मिल सके।
मीडिया प्रभारी प्रो. मिथिलेश कुमार सिंह ने बताया कि रोटरी क्लब ऑफ भागलपुर समाज सेवा के प्रति लगातार समर्पित है और नए सत्र में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़ी योजनाओं पर कार्य किया जाएगा।













