



नवगछिया। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने को लेकर नवगछिया अनुमंडल सभागार में अनुमंडलीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी ऋतुराज प्रताप सिंह ने की।
बैठक में मुख्यालय डीएसपी, ट्रैफिक एवं साइबर डीएसपी, डीसीएलआर, सभी बीडीओ, सीओ, थानाध्यक्ष, शांति समिति के सदस्य, विभिन्न दलों के प्रतिनिधि और अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूस की निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

एसडीओ ऋतुराज प्रताप सिंह ने कहा कि मोहर्रम एक धार्मिक अवसर है जिसे पारंपरिक और भाईचारे के वातावरण में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से किसी भी अफवाह, भड़काऊ गतिविधि या अफरा-तफरी की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान डीजे के इस्तेमाल पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। साथ ही, शांति समिति के सदस्यों से सामुदायिक सहयोग की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चौकस और मजबूत रहेगी।
बैठक में पारसनाथ साहु, मुकेश राणा, मो. सलाहुद्दीन, मो. मोहिउद्दीन, मो. इरफान, शबाना आजमी, शंकर यादव, रामदेव मंडल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।













