



नवगछिया पुलिस जिला के नारायणपुर भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भ्रमरपुर जयरामपुर कोसी नदी में दस दिन पहले नहाने के दौरान डूबे दो किशोरों में से एक किशोर दिलखुश कुमार का शव मंगलवार को त्रिमूहान घाट के समीप बरामद हुआ। इससे पहले राहुल कुमार का शव ग्रामीणों की मदद से घटना के तीसरे दिन ही निकाल लिया गया था।

घटना 23 जून की है, जब नारायणपुर प्रखंड के नगरपारा पूरब पंचायत के वार्ड संख्या 12 भ्रमरपुर निवासी पिंटू चौरसिया का 14 वर्षीय पुत्र दिलखुश कुमार और खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र निवासी बाल्मिकी चौरसिया का 14 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार (सुबोध चौरसिया का नाती) कोसी नदी में नहाने के दौरान डूब गए थे।

मंगलवार को जब दिलखुश का शव त्रिमूहान घाट के समीप बहकर आया, तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। भवानीपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग घटना से बेहद मर्माहत हैं और परिजनों को सांत्वना देने में जुटे हैं।














