



भागलपुर जिले के सुल्तानगंज में श्रावणी मेला के दौरान कांवरियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर रेल पुलिस, आरपीएफ, जीआरपी और जिला पुलिस बल की सैकड़ों जवानों की तैनाती की जाएगी। स्टेशन परिसर के हर हिस्से पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
रेल एसपी रमन कुमार चौधरी ने सभी रेल पुलिस अधिकारियों और स्थानीय पुलिस के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि सावन माह में लाखों कांवरिया ट्रेन के माध्यम से सुल्तानगंज स्टेशन पहुंचेंगे, जिन्हें सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से बाहर निकालने की पूरी तैयारी कर ली गई है।

स्टेशन परिसर में 34 स्थानों पर पुलिस चेक पोस्ट बनाए जा रहे हैं। माइकिंग के माध्यम से कांवरियों को लगातार आवश्यक जानकारी दी जाएगी। रेल पुलिस दिशा-निर्देशों के अनुसार कांवरियों की आवाजाही को सुरक्षित बनाएगी।
रात में स्टेशन पर रुकने वाले कांवरियों की सुरक्षा के लिए रेल पुलिस लगातार गश्त करेगी। महिला पुलिस बल के साथ-साथ गेरुआ वस्त्रधारी और सादी वेशभूषा में भी सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। स्टेशन पर दो से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और एक नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) भी स्थापित किया जा रहा है।
साथ ही आम यात्रियों पर भी निगरानी रखी जाएगी। स्टेशन परिसर में सघन जांच-पड़ताल की जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों, चोर-उचक्कों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है।
इस बैठक में रेल डीएसपी मनीष कुमार, अंचल निरीक्षक नसीम अहमद, रेल थाना प्रभारी उमेश प्रसाद यादव, एसी राजीव कुमार तिवारी, स्थानीय थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, आरपीएफ निरीक्षक सहित सभी आरपीएफ और जीआरपी अधिकारी उपस्थित थे।













