



नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नवगछिया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर नवगछिया थाना की पुलिस टीम ने ग्राम मील टोला स्थित रंजीत कुमार, पिता नंदलाल सिंह के घर पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने विभिन्न ब्रांड की कुल 866.52 लीटर विदेशी शराब बरामद की।
अवैध शराब की इतनी बड़ी खेप मिलने से प्रशासन में हलचल मच गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने शराब तस्कर रंजीत कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एक टेंपो, दो मोबाइल फोन और 515 रुपये नकद भी जब्त किए गए, जो तस्करी के काम में उपयोग किए जा रहे थे।

इस संबंध में नवगछिया थाना में कांड संख्या 208/25 दर्ज किया गया है। आरोपी पर बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई शराब तस्करी के एक संगठित गिरोह की ओर इशारा करती है। कांड में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी जारी है।













