



भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र में स्थित एक मंदिर में चोरों ने दुस्साहसिक चोरी की घटना को अंजाम दिया है। यह मंदिर ठीक पुलिस शिविर के सामने स्थित है, फिर भी चोरों ने भगवान शिव की प्रतिमा से अष्टधातु से निर्मित लगभग पांच किलोग्राम वजनी नाग को चुरा लिया। चोरी की यह घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

बताया गया कि घटना के समय मंदिर का मुख्य द्वार पूजा हेतु खुला था और पुजारी सुमित कुमार झा मंदिर में उपस्थित नहीं थे। इसी का फायदा उठाकर चोर मंदिर में घुसे और शिव प्रतिमा से नाग चुराकर फरार हो गए।
उल्लेखनीय है कि करीब पांच महीने पहले भी इसी मंदिर से दुर्गा माता की प्रतिमा पर से सोने का हार और मांग टीका चुरा लिया गया था। उस घटना के बाद मंदिर प्रशासन ने प्रतिमाओं को सुरक्षा पट्टी और ताले से सुरक्षित किया था, जिससे इस बार मुकुट और नथ की चोरी नहीं हो सकी।

पुलिस शिविर के सामने हुई इस चोरी से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि चोरी के वक्त शिविर में तैनात जवान अंदर आराम कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले मंदिर की रेकी की और फिर मौका पाकर चोरी को अंजाम दिया।
मामले को लेकर पुजारी सुमित कुमार झा के बयान पर बरारी थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान में जुट गई है और तकनीकी सेल की मदद ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि चोरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














