



भागलपुर : रेल एसपी कार्यालय, जमालपुर में एसआरपी रमन चौधरी की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिले के सभी रेल थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य फोकस विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रहा।
श्रावणी मेले पर एसआरपी की सख्त नजर
एसआरपी रमन चौधरी ने कहा कि श्रावणी मेला पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में सम्पन्न हो, इसके लिए सभी अधिकारियों को अपनी ड्यूटी ईमानदारी और सजगता से निभानी होगी। उन्होंने कहा कि आरपीएफ के साथ बेहतर तालमेल बना कर कांवरियों एवं यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी जाए।

जवानों की तैनाती पर जानकारी
एसआरपी ने बताया कि श्रावणी मेले के लिए 450 जवानों की मांग की गई थी, लेकिन अब तक केवल 160 जवान ही उपलब्ध हो सके हैं। हालांकि आरपीएफ के 150 जवानों की तैनाती से कुल 310 जवानों के भरोसे मेला सुरक्षा व्यवस्था संभाली जाएगी।
प्रत्येक थाना स्तर पर निगरानी टीम तैनात
मेले की निगरानी को लेकर अधिकारियों की टीम का गठन भी किया गया है। मेला समाप्ति के बाद एसआरपी ने मासिक अपराध गोष्ठी के अंतर्गत थानावार कांडों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
गोष्ठी में शामिल अधिकारी
इस अवसर पर जमालपुर रेल डीएसपी, किऊल डीएसपी, जमालपुर इंस्पेक्टर, झाझा इंस्पेक्टर, इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, प्रचारी संतोष ओझा, जमालपुर रेल थानाध्यक्ष दिनेश कुमार, भागलपुर, किऊल, झाझा, बड़हिया, शेखपुरा, नवादा और जमुई के थानाध्यक्षों के साथ-साथ एसआरपी रीडर राहुल भी उपस्थित रहे।














