



भागलपुर : कहलगांव थाना क्षेत्र के नंदलालपुर गांव में शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग रामदास सिंह की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रामदास सिंह अपने घर के सामने टहल रहे थे, तभी गांव का ही एक युवक तेज रफ्तार बाइक से आया और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजनों ने तुरंत उन्हें मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि बाइक सवार युवक नशे में था और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। हालांकि, फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
मृतक रामदास सिंह अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गए हैं।













