


चार अन्य प्रतिष्ठानों पर भी गिरी गाज, नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, शहरवासियों से की सहयोग की अपील
भागलपुर: शहर की सुंदरता और स्वच्छता को बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने शुक्रवार को अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। इस अभियान की अगुवाई स्वयं नगर आयुक्त शुभम कुमार ने की। उन्होंने शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया, जिसमें आदमपुर और जीरोमाइल क्षेत्र स्थित डिजनीलैंड परिसर के आसपास अवैध प्रचार सामग्री बड़ी संख्या में पाई गई।

नगर आयुक्त ने मौके पर ही अतिक्रमण हटाओ दस्ते को तुरंत कार्रवाई करने का आदेश दिया। निर्देश के अनुसार, दोनों डिजनीलैंड संस्थानों से अवैध बैनर और होर्डिंग हटवाए गए तथा प्रत्येक से 10-10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही दोनों संस्थानों के संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में बिना अनुमति इस प्रकार की गतिविधि दोहराने पर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की इस कार्रवाई के दायरे में शहर के चार अन्य प्रतिष्ठान भी आए, जिन पर आर्थिक दंड लगाया गया। सभी से निर्धारित जुर्माना वसूल किया गया।
नगर निगम प्रशासन ने इस अभियान के माध्यम से शहरवासियों से अपील की है कि वे किसी भी सार्वजनिक स्थल, भवन, दीवार, पुल-पुलिया अथवा अन्य स्थानों पर बिना अनुमति बैनर, पोस्टर, होर्डिंग या किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री न लगाएं। ऐसा करना नगर निगम अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आर्थिक दंड के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

नगर आयुक्त शुभम कुमार ने कहा कि शहर की सुंदरता और साफ-सफाई को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि कोई व्यक्ति या संस्था नियमों की अनदेखी करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। नगर निगम की यह मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी।














