



नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत नवगछिया थाना क्षेत्र के मिल्की धोबिनिया कोसी घाट पर रविवार को स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नवगछिया नगर परिषद के वार्ड 13 धोबिनिया निवासी सौरभ कुमार, पिता स्वर्गीय दिलो यादव के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार सौरभ रविवार को कोसी नदी में स्नान करने गया था, इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर खोजबीन शुरू की।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय वार्ड पार्षद प्रतिनिधि आभास यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटना के बाद ग्रामीणों ने घंटों तक प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक शव बरामद नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि अब सोमवार को पुनः खोजबीन की जाएगी।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं, क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। स्थानीय प्रशासन को भी सूचना दे दी गई है।













