



नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत मौजमाबाद में भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय की अधीनस्थ संस्था मेरा युवा भारत (भागलपुर) के बैनर तले भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम सह मतदाता जन जागरूकता अभियान को लेकर सोमवार को एक बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता बीएलओ पर्यवेक्षक ज्योति कुमार ने की जबकि संचालन बीएलओ यशवंत कुमार ने किया। बैठक में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक रंदीप राजन ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बीएलओ द्वारा वितरित गणना प्रपत्र को भरकर समय पर जमा करना सभी की जिम्मेदारी है, ताकि कोई भी योग्य मतदाता छूट न जाए। उन्होंने कहा कि 11 प्रकार के वैध दस्तावेजों में से किसी एक स्व-अभिप्रमाणित दस्तावेज के आधार पर नाम जोड़ा जा सकता है।

वार्ड सदस्य संतोष राम ने बताया कि वार्ड स्तर पर वे स्वयं निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी को प्रपत्र भरने में कठिनाई न हो। बीएलओ यशवंत कुमार ने कहा कि जिन पात्र मतदाताओं के पास दस्तावेज नहीं हैं, उन्हें उपलब्ध कराने में आमजन सहयोग करें।
बैठक के बाद मौजमाबाद महादलित टोला में मतदाता जन जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।













