



भागलपुर : स्वच्छ भारत अभियान के प्रति भारतीय रेलवे की प्रतिबद्धता को साकार करते हुए मालदा डिविजन द्वारा मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक विशेष स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (ईएनएचएम) प्रदीप दास ने किया।

इस अवसर पर ‘लिटिल गुरुकुल प्ले स्कूल’ के शिक्षक और नन्हें छात्र-छात्राएं विशेष स्वच्छता रैली में शामिल हुए। बच्चों ने स्वच्छता से संबंधित स्लोगन और तख्तियां लेकर स्टेशन परिसर में लोगों को कूड़ेदान के प्रयोग और गंदगी न फैलाने का संदेश दिया। रैली के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था।

इसके अलावा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की टीम ने भी रेलवे अधिकारियों के साथ मिलकर यात्रियों और आम जनता के बीच स्वच्छता का संदेश फैलाया। कार्यक्रम में मौजूद रेलवे अधिकारी, कर्मचारी, स्वयंसेवक और यात्री एकजुट होकर स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लेते नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने यह संदेश दिया कि सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। रेलवे प्रशासन ने इस अवसर पर यात्रियों से अपील की कि वे स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।













