



भागलपुर : जिले के बौसी थाना क्षेत्र अंतर्गत हसडीहा-भागलपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह करीब 9 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। बौसी ब्लॉक मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक और राजलक्ष्मी नामक यात्री बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रक को मामूली क्षति पहुंची।

इस दुर्घटना में बस सवार करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही बौसी थाना के एसआई विनय कांत और एसआई गोरखनाथ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बौसी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गंभीर रूप से घायल बस चालक शंभू सिंह (पिता–रौशन सिंह) और प्रेम कुमार (निवासी–श्यामपुर) को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

अन्य घायलों में गणेश कुमार (4 वर्ष), आशा देवी, रीता देवी, कैलाश पंडित, डोली देवी, निशा कुमारी, खुशबू, तुलसी राम, दिनेश प्रसाद शर्मा, बिनोद कुमार यादव और प्रेम कुमार का नाम शामिल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजलक्ष्मी बस हसडीहा की ओर से आ रही थी, जबकि ट्रक भागलपुर की दिशा से तेज गति से आ रहा था। जैसे ही बस ब्लॉक मोड़ के समीप पहुंची, सामने से आ रहे ट्रक ने सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अफरा-तफरी मच गई और यात्री बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने में स्थानीय लोगों ने मदद की।
फिलहाल सभी घायलों का इलाज बौसी रेफरल अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। इस हादसे से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।














