



नवगछिया : 9 जुलाई को प्रस्तावित अखिल भारतीय चक्काजाम को सफल बनाने के उद्देश्य से राजद नवगछिया पुलिस जिला इकाई द्वारा 8 जुलाई को शाम 6 बजे गौशाला से रेलवे स्टेशन नवगछिया चौक तक शांतिपूर्ण मशाल जुलूस निकाला जाएगा।
इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए राजद जिलाध्यक्ष अलखनिरंजन पासवान व प्रधान महासचिव संजय मंडल ने बताया कि मशाल जुलूस में नवगछिया पुलिस जिला राजद के सभी प्रखंड अध्यक्ष, सचिव, सभी प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष, सचिव सहित इंडिया गठबंधन के सभी दलों के नेता भाग लेंगे।

इस दौरान राजद नेत्री एवं बिहार सरकार की पूर्व मंत्री शांति देवी भी नवगछिया पहुंचीं। नवगछिया आगमन पर राजद जिलाध्यक्ष अलखनिरंजन पासवान, प्रधान महासचिव संजय मंडल, राजद प्रदेश महासचिव शैलेश कुमार, नेता गौतम कुमार प्रीतम, मनोज मंडल उर्फ महेश फौजी, जिला प्रवक्ता कपिलदेव मंडल, प्रखंड अध्यक्ष हिमांशु यादव, महासचिव प्रिंस कुमार मंडल, दिनेश शर्मा, शिल्पकार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष व नगर अध्यक्ष तनवीर अहमद तथा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के महासचिव बीरेन्द्र चोपड़ा ने शांति देवी का स्वागत किया।

इस मौके पर शांति देवी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार मतदाता पुनरीक्षण के नाम पर गरीब, मजदूर और आम नागरिकों को उनके संविधान प्रदत्त मताधिकार से वंचित करने की साजिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बिहार में एनपीआर और एनआरसी लागू करने की तैयारी में है, ताकि राज्य को एक बार फिर 90 के दशक के अराजक दौर में धकेला जा सके।
राजद नेताओं ने लोगों से चक्काजाम में भाग लेने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की है।














