



भागलपुर: विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 अभियान को गति देने और मतदाताओं में शत-प्रतिशत जागरूकता लाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जागरूकता रथ की शुरुआत की गई। समीक्षा भवन के समीप से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी, वरीय उप समाहर्ता सुधीर कुमार, राजकुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार तथा डीसीएलआर सदर अपेक्षा मोदी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

मौके पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि जिले में गणना प्रपत्र का संग्रहण एवं अपलोडिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे आवश्यक दस्तावेज समय पर जमा करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
डॉ. चौधरी ने दस्तावेजों की अनिवार्यता को स्पष्ट करते हुए बताया:

- जिनका नाम 2003 ई. के पहले की मतदाता सूची में है, उन्हें केवल उस सूची के अंश की प्रति संलग्न करनी है।
- जिनका नाम 2003 की मतदाता सूची में नहीं है, परंतु उनका जन्म 1987 से पहले हुआ है, उन्हें जन्म तिथि और जन्म स्थान से संबंधित दस्तावेज संलग्न करना होगा।
- जिनका जन्म 01 जुलाई 1987 से 02 दिसंबर 2004 के बीच हुआ है, वे अपना और अपने माता या पिता में से किसी एक का जन्म तिथि एवं स्थान से संबंधित दस्तावेज संलग्न करेंगे।
- वहीं, जिनका जन्म 02 दिसंबर 2004 के बाद हुआ है, उन्हें स्वयं के साथ माता और पिता दोनों के जन्म तिथि व स्थान से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
अभियान का उद्देश्य सभी योग्य मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना और चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी व समावेशी बनाना है। जागरूकता रथ विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी देगा।














