


नवगछिया के तेतरी गांव स्थित बजरंगबली मंदिर के पीछे आम बगीचे में हुई युवक सारजन कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश ने मंगलवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में घटना की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 7 जुलाई 2025 को रात करीब 8 बजे नवगछिया थाना को सूचना मिली कि सारजन कुमार को गोली मार दी गई है। सूचना पर नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, एसडीपीओ ओमप्रकाश एवं नवगछिया थाना की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम द्वारा भी साक्ष्य संकलन किया गया।
घटना को लेकर मृतक के पिता सुभाष राय के आवेदन पर नवगछिया थाना में कांड संख्या 214/25, धारा 103(1)/3(5) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्तों — पकरा निवासी सचिन कुमार उर्फ मुर्गा (पिता: मिथलेश सिंह) और तेतरी निवासी आशीष कुमार (पिता: कृष्णदेव राय) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
एसडीपीओ ने बताया कि हत्या का कारण स्मैक के धंधे और पैसे के लेनदेन से जुड़ा पुराना विवाद था। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। सचिन उर्फ मुर्गा के खिलाफ नवगछिया और इस्माईलपुर थाना में पूर्व से धारा 392 भादवि के तहत दो मामले दर्ज हैं, जबकि आशीष कुमार पर भी नवगछिया थाना सहित अन्य थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।













