



भागलपुर। देशव्यापी आम हड़ताल के आह्वान पर मंगलवार को भागलपुर में विभिन्न मजदूर संगठनों ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। यह हड़ताल केंद्रीय ट्रेड यूनियनों – ऐक्टू, एटक, सीटू, सेवा और इंटक से संबद्ध संगठनों द्वारा आयोजित की गई थी।
इस अवसर पर स्थानीय लेबर ऑफिस परिसर से सैकड़ों मजदूरों ने एक संयुक्त जुलूस निकाला, जो घंटाघर, बड़ी पोस्ट ऑफिस, कचहरी चौक और वकालतखाना होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। वहां मजदूरों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन से पहले सभी संगठनों के कार्यकर्ता लेबर ऑफिस परिसर में एकत्र हुए, जहां सभा का आयोजन किया गया। सभा में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने केंद्र और राज्य सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों की आलोचना की और मजदूरों की हक की लड़ाई को तेज करने का आह्वान किया।

सभा के उपरांत मजदूरों ने अपनी प्रमुख मांगों से संबंधित ज्ञापन उपश्रमायुक्त को सौंपा। इसमें न्यूनतम मजदूरी में बढ़ोतरी, ठेका प्रथा की समाप्ति, ईएसआई और पीएफ की सुविधा, सामाजिक सुरक्षा और श्रम कानूनों के सख्त पालन जैसे मुद्दे शामिल थे।
राज्य व जिला सचिव, ऐक्टू, मुकेश मुक्त ने कहा कि यह हड़ताल मजदूरों के हक की आवाज को बुलंद करने के लिए की जा रही है। जब तक सरकार हमारी मांगों को नहीं मानती, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान भागलपुर के विभिन्न इलाकों से आए मजदूरों ने एकजुटता दिखाई और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, लेकिन मजदूरों ने चेतावनी दी कि अगर मांगे नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।













