



भागलपुर। बाईपास थाना क्षेत्र के जमनी गांव में स्थित अधिवक्ता नितेश निखिल के बंद घर में चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पीड़ित अधिवक्ता निखिल कुमार, पिता शंकर प्रसाद गुप्ता, ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
नितेश निखिल ने बताया कि वे किसी काम से बाहर गए हुए थे। मंगलवार सुबह जब वे घर लौटे तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और अंदर रखा सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर से घरेलू खाद्यान्न, इलेक्ट्रॉनिक सामान, नगदी और कीमती आभूषण सहित लाखों रुपये की संपत्ति चुरा ली गई है। चोरी गई वस्तुओं की कुल अनुमानित कीमत 5 से 7 लाख रुपये बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही बाईपास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने की बात कही है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया में जुटी हुई है ताकि अपराधियों की पहचान हो सके।
इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस गश्ती व्यवस्था में ढिलाई के चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

पीड़ित नितेश निखिल ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि मामले को गंभीरता से लिया जाए और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।













