



भागलपुर। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के मारवाड़ी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. रामाशीष पूर्वे द्वारा दीप प्रज्वलित कर और बुके प्रदान कर किया गया।
यह सेमिनार भारत सरकार के कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय द्वारा संचालित राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण (National Sample Survey) विषय पर केंद्रित था। कार्यक्रम कॉलेज परिसर के महिला विंग में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और विभिन्न गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को सर्वेक्षण प्रक्रिया, उसकी उपयोगिता तथा देश की विकास योजनाओं में इसके योगदान के प्रति जागरूक करना था।
कॉलेज के डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर (डीएसडब्ल्यू) डॉ. विजेंद्र कुमार ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य डाटा संग्रहण की उपयोगिता को समझाना और आम लोगों को ईमानदारी से उत्तर देने के लिए प्रेरित करना था। उन्होंने कहा कि जब नागरिक सही जानकारी प्रदान करते हैं, तभी योजनाएं प्रभावी रूप से बनती और लागू होती हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. राजीव कुमार झा, डॉ. रोहन, डॉ. लता साहू, सी.सी. राय, डॉ. विजेंद्र कुमार और डॉ. अनिल तिवारी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने राष्ट्रीय सर्वेक्षण की पारदर्शिता, विश्वसनीयता और उसके सामाजिक महत्व पर अपने विचार रखे।
मौके पर सैकड़ों छात्र-छात्राएं भी मौजूद थे, जिन्होंने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और सर्वेक्षण प्रक्रिया को लेकर कई सवाल भी पूछे।














