



नवगछिया। श्री शिर्डी साईंनाथ दरबार, नवगछिया में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और समर्पण से ओतप्रोत वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्री सद्गुरु साईंनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और गुरु की महिमा का स्मरण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरु चरण पादुका पूजन से हुई, जिसके बाद सत्संग और भजन संध्या का आयोजन हुआ। प्रवचनकर्ता लड्डू बाबा ने अपने संबोधन में कहा कि मानव जीवन में गुरु का स्थान सर्वोच्च होता है। गुरु के मार्गदर्शन से ही अज्ञान का नाश होता है और ईश्वर के साक्षात्कार की राह प्रशस्त होती है।

सेवा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष शुभम यादव ने कहा कि गुरु वही होते हैं जिनके वचनों से हृदय शांत हो, दर्शन से ईश्वर का अनुभव हो और संग से आत्मबोध जागे। कोषाध्यक्ष सुरेश प्रसाद ने साईं बाबा का संदेश “सबका मालिक एक” दोहराते हुए श्रद्धा और सबुरी को जीवन का मूल मंत्र बताया। उन्होंने नवनिर्मित मंदिर में साईं प्रतिमा स्थापना हेतु जनसहयोग की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में संध्या वेला में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
इसी क्रम में ठाकुरबाड़ी, नवगछिया में साईं परिवार के मोहन पोद्दार द्वारा भी गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में साईंनाथ की विशेष पूजा का आयोजन किया गया। यहां भी सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भाग लिया और भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस अवसर पर श्री सद्गुरु साईंनाथ सेवा समिति से कार्यकारी अध्यक्ष शुभम यादव, कोषाध्यक्ष सुरेश प्रसाद, प्रचार मंत्री लड्डू बाबा, साजन साईं, गौरव गुरु भाई, मनीषा साईं, शशि प्रसाद, अमीषा सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।













