



डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर किए गए 1127 करोड़ रुपये
भागलपुर। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के पेंशनधारियों को बड़ी राहत देते हुए एक करोड़ 11 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से 1127.27 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की है। यह योजना मुख्यमंत्री की उस सामाजिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसके तहत वे समाज के बुजुर्ग, विधवा, दिव्यांग एवं वंचित वर्गों को सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

इसी क्रम में भागलपुर जिले के टाउन हॉल में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री व भागलपुर जिला प्रभारी मंत्री संतोष कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक पदाधिकारी एवं सैकड़ों की संख्या में पेंशनधारी मौजूद थे।
अपने संबोधन में मंत्री संतोष कुमार ने बताया कि पहले जहां इस योजना के तहत ₹400 की मासिक पेंशन दी जाती थी, अब उसे बढ़ाकर ₹1100 कर दिया गया है। यह निर्णय पेंशनधारियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री विजय कुमार सिन्हा की यह पहल बिहार के गरीब, जरूरतमंद और असहाय नागरिकों के लिए एक मील का पत्थर साबित होगी।
कार्यक्रम में कई पेंशनधारियों को प्रतीकात्मक रूप से पेंशन की राशि प्रदान की गई। मंच से पेंशनधारियों ने बिहार सरकार के इस ऐतिहासिक फैसले की सराहना की और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार प्रकट किया। आयोजन स्थल पर जिले के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी इस योजना से वंचित न रह सके।

इस कार्यक्रम के माध्यम से सरकार ने केवल वित्तीय सहायता प्रदान नहीं की, बल्कि यह भी संदेश दिया कि सामाजिक सुरक्षा के मुद्दे पर वह पूरी तरह गंभीर है। बिहार सरकार की इस पहल की राज्यभर में प्रशंसा हो रही है और यह उम्मीद की जा रही है कि आगे भी इस तरह की योजनाएं समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक सिद्ध होंगी।













