



भागलपुर। सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ धाम स्थित नमामि गंगे घाट और कमरगंज गंगा घाट पर गंगा स्नान के दौरान दो लोग डूब गए। एक ओर नमामि गंगे घाट पर आपदा मित्र अभय राज गंगा में डूब गए, वहीं दूसरी ओर कमरगंज घाट पर कांवरिया गोविंद गुप्ता डूब गए। दोनों की खोजबीन में लापरवाही बरते जाने से आक्रोशित कांवरियों ने सड़क जाम कर दिया और तत्काल शव की तलाश शुरू करने की मांग की।
डूबे आपदा मित्र अभय राज के छोटे भाई नीरभय कुमार ने बताया कि उनके भाई की उम्र 23 वर्ष थी और वे नगर परिषद सुल्तानगंज के शाहाबाद वार्ड संख्या 24 के निवासी थे। उन्हें अंचल पदाधिकारी रवि कुमार द्वारा नमामि गंगे घाट पर आपदा मित्र के रूप में ड्यूटी पर लगाया गया था। सुबह गंगा घाट से सूचना मिली कि अभय राज गंगा में डूब गए हैं। घटनास्थल पर पहुंचने पर उनके कपड़े और चप्पल घाट पर मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बावजूद चार घंटे तक कोई खोजबीन नहीं की गई।
इस बीच, पूर्व विधान परिषद प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार ने मीडिया से कहा कि श्रावणी मेला का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अभी हाल ही में किया है, लेकिन प्रशासन की लापरवाही ने कांवरियों की सुरक्षा की पोल खोल दी है। चार घंटे बीतने के बाद भी शव की तलाश नहीं हो सकी।
एसडीआरएफ के हवलदार रविंद्र कुमार पासवान ने बताया कि डूबे युवक की तलाश की जा रही है, लेकिन गैस सिलेंडर खत्म हो जाने के कारण कार्य बाधित है। पटना से गैस सिलेंडर आने के बाद ही दोबारा खोजबीन शुरू की जाएगी।

उधर, कमरगंज गंगा घाट पर कांवरिया गोविंद गुप्ता, उम्र 19 वर्ष, गंगा स्नान के दौरान डूब गए। वे जिला पश्चिम चंपारण के धनहा थाना क्षेत्र अंतर्गत तमकुआ गांव के निवासी थे। उनके पिता नेगीलाल गुप्ता ने बताया कि प्रशासन डूबे पुत्र की खोजबीन नहीं कर रहा है। इस पर आक्रोशित कांवरियों ने सड़क जाम कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शव की तलाश नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल, सीओ रवि कुमार समेत अन्य पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से मिलकर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक ने इस घटना को दुःखद बताया और कहा कि शवों की जल्द से जल्द खोजबीन सुनिश्चित की जाएगी।













