



भागलपुर। शहर के सबसे शांत और प्रतिष्ठित इलाकों में गिने जाने वाले ज्योति विहार कॉलोनी, आइडियल कोचिंग रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला से हथियारबंद अपराधियों ने सोने की चेन लूट ली। बाइक सवार तीन अपराधी महिला को डरा-धमकाकर उनके गले से चेन झपट कर फरार हो गए।

यह घटना शनिवार सुबह करीब 6 बजे की है, जब महिला रोज़ की तरह टहलने के लिए निकली थीं। तभी तेज़ रफ्तार में एक बाइक पर सवार तीन युवक पीछे से आए। उनमें से एक ने हथियार दिखाकर महिला को डराया, जबकि दूसरे ने झपट्टा मारते हुए गले से चेन छीन ली। शोर मचाने से पहले ही तीनों आरोपी वहां से भाग निकले।

पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें तीनों अपराधियों के चेहरे स्पष्ट तौर पर दिखाई दे रहे हैं। इसकी सूचना मिलते ही कॉलोनीवासी मौके पर इकट्ठा हो गए और स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू किया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस की टीमें छापेमारी में जुटी हुई हैं।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश देखा गया। एक बुजुर्ग निवासी ने कहा, “अब तो सुबह मॉर्निंग वॉक पर जाना भी खतरे से खाली नहीं है। यह इलाका कभी बहुत शांत माना जाता था, लेकिन अब अपराध आम बात हो गई है। पुलिस को गश्ती बढ़ानी चाहिए।”
इस घटना के बाद ज्योति विहार कॉलोनी के लोगों में डर और गुस्से का माहौल है। कॉलोनीवासियों ने सुबह और रात की पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।












