



भागलपुर। मारवाड़ी कॉलेज, भागलपुर में उस समय छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा जब दर्जनों विद्यार्थियों को कॉलेज प्रशासन की लापरवाही के कारण “NEP (Not Eligible for Promotion)” की सूची में डाल दिया गया। इससे न केवल छात्रों का एक वर्ष खराब होने की आशंका बन गई है, बल्कि कई ऐसे छात्र-छात्राओं को भी ‘Absent’ घोषित कर दिया गया है, जिन्होंने समय पर असाइनमेंट और आवश्यक दस्तावेज कॉलेज में जमा किए थे।
इस गंभीर त्रुटि के विरोध में शुक्रवार को कॉलेज परिसर में छात्र जदयू के बैनर तले सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और कॉलेज का घेराव किया। इस आंदोलन का नेतृत्व विश्वविद्यालय छात्र जदयू के अध्यक्ष मो. एहसानुल रज़ा डेविड और जिला अध्यक्ष गोलू मंडल ने किया।
प्रदर्शन के दौरान डेविड ने कहा कि यह छात्रों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन की लापरवाही के कारण मेहनती छात्रों को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सभी छात्रों की स्थिति में सुधार नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और छात्र कॉलेज परिसर में धरने पर बैठे रहेंगे।

इस बीच कॉलेज प्रशासन की ओर से प्रदर्शन कर रहे छात्रों से वार्ता की गई, जिसमें प्रचार्य ने आश्वासन दिया कि सभी छात्रों की शिकायतों की जांच की जाएगी और जिन छात्रों को ग़लती से ‘Absent’ या ‘Not Eligible for Promotion’ घोषित किया गया है, उनकी स्थिति शीघ्र ही सुधारी जाएगी।
छात्र नेताओं ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर जल्द ही उचित कार्रवाई नहीं हुई तो यह आंदोलन और भी व्यापक रूप लेगा और कॉलेज प्रशासन को उसकी जवाबदेही तय करनी होगी।













