



भागलपुर। श्रावणी मेला 2025 को लेकर इस बार पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ और संभावित चुनौतियों को देखते हुए मेला क्षेत्र में 9 अस्थायी थानों की स्थापना की गई है, जहां पुलिस बल लगातार चौकसी बरत रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बाइक सवार पुलिस दल लगातार गश्त कर रहे हैं। इसके अलावा एसटीएफ की एक कंपनी भी मेला क्षेत्र में तैनात की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने बताया कि पुलिस प्रशासन 24 घंटे अलर्ट मोड पर है। सुल्तानगंज में नियंत्रण कक्ष पूरी तरह सक्रिय है और दिन-रात निगरानी कर रहा है। वहीं, घुड़सवार पुलिस बल को भी मेला क्षेत्र में लगाया गया है।
भीड़ में सादे लिवास में तैनात पुलिसकर्मी हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रहे हैं, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या अव्यवस्था को तुरंत रोका जा सके। वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और श्रावणी मेला को शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।













