



इस्माईलपुर। दिनांक 1 जुलाई 2025 से 12 जुलाई 2025 तक आयोजित चौथे चरण का सुरक्षित तैराकी प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलता के साथ संपन्न हो गया। इस चरण में कुल 70 बच्चों को प्रशिक्षण दिया गया, जिन्हें ड्रेस और प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों के बीच प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रथम बैच से अमित कुमार को प्रथम पुरस्कार, गंगु कुमार को द्वितीय पुरस्कार तथा सुमन कुमार को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। वहीं द्वितीय बैच से आशीष कुमार ने प्रथम, मनीष कुमार ने द्वितीय और अजित कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस कार्यक्रम का संचालन मास्टर ट्रेनर प्रीतम कुमार, निरंजन कुमार, सुमित कुमार, गौरव कुमार और विजय मंडल के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित तैराकी के गुर सिखाकर डूबने से होने वाली मौतों की संख्या को कम करना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जीवन रक्षक तकनीक सीपीआर (CPR) के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
सुरक्षित तैराकी प्रशिक्षण विशेष रूप से 6 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के उन बच्चों के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिन्हें तैरना नहीं आता या जिन्हें तैराकी का सीमित ज्ञान है। उन्हें न केवल उन्नत तैराकी कौशल सिखाया जा रहा है, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने की तकनीक भी बताई जा रही है।
कार्यक्रम के पांचवें चरण का प्रशिक्षण आगामी 14 जुलाई से शुरू होगा। आयोजकों ने स्थानीय बच्चों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़ें और बच्चों को सुरक्षित जल व्यवहार के प्रति जागरूक बनाएं।














