



नवगछिया के जगतपति नाथ महादेव मंदिर में पहली सोमवारी को उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब,
मिनी डाक बमों ने किया जलाभिषेक
नवगछिया। श्रावण मास की पहली सोमवारी पर नवगछिया स्थित गौशाला रोड के प्रसिद्ध जगतपति नाथ महादेव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह 3:00 बजे से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था, जो देर शाम तक बना रहा।

भक्तों ने भागलपुर के बरारी घाट, हाई लेवल घाट सहित अन्य स्थानों से गंगाजल लेकर मिनी डाक बम के रूप में मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। मंदिर प्रांगण ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा। हजारों की संख्या में डाक बम, मिनी डाक और सामान्य श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
महिलाओं की भारी उपस्थिति

सुबह 6:00 बजे से संध्या 4:00 बजे तक महिलाओं का हुजूम मंदिर परिसर में उमड़ पड़ा। महिलाएं कलश, दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, अक्षत और पुष्प लेकर भोलेनाथ के पूजन में जुटी रहीं। पूजा अर्चना का यह दृश्य अत्यंत भावुक और भक्तिमय था। बड़ी संख्या में लड़कियां भी माता पार्वती से अच्छे वर की कामना लेकर भगवान शिव के दर्शन और पूजा के लिए पहुंचीं।
श्रृंगार और विशेष पूजन ने मोहा मन
संध्या के समय मंदिर के पुजारी रंजन बाबा के नेतृत्व में पंडित अजीत पांडे के निर्देशन में भगवान जगतपति नाथ महादेव का भव्य श्रृंगार पूजन संपन्न हुआ। इस विशेष श्रृंगार में माता गौरा, श्री गणेश, कार्तिकेय जी की प्रतिमाओं का भी वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन किया गया। चारों ओर फूलों, दीपों और धूप की सुगंध से वातावरण और भी पवित्र हो उठा।

इस आयोजन को सफल बनाने में श्री श्री 108 श्री महाशिवरात्रि कमिटी के अलावे कई स्थानीय कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जिनमें पुजारी अजीत पांडे, रंजन बाबा, अशोक सिंह, किसन साह, सजन चौधरी, पुष्पेश पंकज, सोनू सम्राट, आलोक कुमार, पंकज सर्राफ, राहुल कसेरा दीपक कुमार, रामजी गुप्ता का विशेष योगदान रहा।












