



भागलपुर/बांका – बांका जिले के धोरैया प्रखंड अंतर्गत गोरा चक मोड़ पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बालू से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
मृतक की पहचान भागलपुर जिले के सन्हौला प्रखंड के मडड्डा गांव निवासी 27 वर्षीय मोहम्मद इनामुल हक़ के रूप में हुई है। वे पेशे से दर्जी थे और लगभग 9 महीने पहले उनकी शादी सन्हौला के ही मुर्गियाचक गांव में हुई थी।

परिजनों के अनुसार इनामुल हक़ दवा लेने के लिए झारखंड के गोड्डा गए थे और लौटते समय गोरा चक मोड़ के पास दुर्घटना का शिकार हो गए। बहन बीबी रियाना खातून ने बताया कि हादसे के बाद वह करीब 40 मिनट तक सड़क पर तड़पते रहे, लेकिन किसी ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश नहीं की।
घटना की सूचना मिलने पर धोरैया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को मायागंज अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।













