



भागलपुर – पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर अपने गृह जिले भागलपुर आ रहे हैं। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य “सनातन संघ चेतना अभियान यात्रा” की शुरुआत करना है, जिसकी विधिवत शुरुआत वे अपने जन्मस्थली दरियापुर से करेंगे।

यात्रा के आरंभ से पहले अश्विनी कुमार चौबे अपने कुलदेवी की पूजा-अर्चना करेंगे और आशीर्वाद लेकर इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक अभियान का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद “सनातन संवाद स्मारिका” का विमोचन किया जाएगा, जो जगद्गुरु रामानुजाचार्य अनंताचार्य जी महाराज के कर-कमलों से संपन्न होगा।
सनातन महाकुंभ के सफल आयोजन के बाद यह पहला अवसर होगा जब अश्विनी कुमार चौबे भागलपुर पहुंच रहे हैं। यह यात्रा सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। उनके नेतृत्व में यह अभियान देशभर में लाखों सनातन अनुयायियों को जोड़ने का कार्य करेगा।


इस दौरान श्री चौबे विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे और सनातन संस्कृति, परंपरा तथा भारतीय मूल्यों पर आधारित विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। वे भागलपुर को अभियान का एक महत्वपूर्ण केंद्र मानते हुए यहां से पूरे बिहार और देशभर में जागरूकता का संदेश देंगे।
श्री चौबे का यह प्रयास केवल एक धार्मिक पहल नहीं, बल्कि सांस्कृतिक जागरण की दिशा में एक सशक्त पहल है, जो भारतीय सनातन परंपरा को वैश्विक पटल पर स्थापित करने में सहायक होगा। उनके इस अभियान को लेकर जिले के धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों में भी उत्साह देखा जा रहा है।













