



भागलपुर: जिले भर के डाटा ऑपरेटरों ने गुरुवार को वेतन वृद्धि और सेवा समायोजन की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। समाहरणालय गेट पर सैकड़ों की संख्या में एकत्रित होकर डाटा ऑपरेटरों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी डाटा ऑपरेटरों का कहना है कि वे वर्षों से सेवा दे रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें स्थायी नहीं किया गया है और न ही वेतन में किसी तरह का सुधार किया गया है। उनका आरोप है कि सरकार लगातार उनकी उपेक्षा कर रही है।

डाटा ऑपरेटरों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो वे आगामी चुनावों में वोट का बहिष्कार करेंगे। उनका कहना है कि इस बहिष्कार में सिर्फ वे ही नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार भी शामिल होंगे।
उन्होंने साफ कहा कि अब वे और अनदेखी सहन नहीं करेंगे। जब तक सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी।













