



भागलपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह नई ट्रेन सेवा मालदा टाउन से शुरू होकर भागलपुर होते हुए गोमती नगर तक जाएगी। उद्घाटन समारोह के दौरान भागलपुर जंक्शन पर भव्य आयोजन किया गया, जिसमें कई प्रमुख नेता और गणमान्य व्यक्तित्व उपस्थित थे।
इस ऐतिहासिक मौके पर भागलपुर सांसद अजय मंडल, कहलगांव विधायक पवन यादव, मालदा डिवीजन के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता, भाजपा नेता मृणाल शेखर, बिहार भाजपा मीडिया पैनलिस्ट प्रीति शेखर समेत शहर के कई सम्मानित लोग मौजूद रहे।

समारोह के दौरान पूरे भागलपुर जंक्शन को दुल्हन की तरह सजाया गया था, और स्टेशन परिसर में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिससे माहौल में उत्सव जैसा रंग भर गया। इस नए ट्रेन सेवा के शुभारंभ से भागलपुर और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाएं मिलेंगी, जिससे यात्रा का अनुभव सुगम और आरामदायक होगा।

मालदा डिवीजन के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने कहा, “यह ट्रेन सेवा क्षेत्रीय यात्रियों के लिए वरदान साबित होगी, खासकर भागलपुर और आसपास के इलाकों के लिए। इससे यात्रा का समय कम होगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।”
कहलगाँव विधायक पवन यादव ने कहा, “यह ट्रेन सेवा हमारे क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे भागलपुर को एक नई पहचान मिलेगी और यात्रियों को यात्रा के दौरान आरामदायक सुविधाएं मिलेंगी।”
भा.ज.पा. नेता मृणाल शेखर ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी का यह कदम न केवल भागलपुर बल्कि समूचे बिहार के लिए महत्वपूर्ण है। यह ट्रेनों का संचालन राज्य की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को मजबूत करेगा।”
बीजेपी के एमएलसी एन के यादव ने भी इस कदम की सराहना करते हुए कहा, “यह ट्रेनों का विस्तार बिहार के विकास के संकेतक हैं, जो न केवल यात्री सुविधाओं में वृद्धि करेंगे, बल्कि रोजगार के अवसर भी पैदा करेंगे।”

इस नए रेल कनेक्शन से स्थानीय जनता और व्यापारियों को भी विशेष लाभ मिलेगा, क्योंकि यह मार्ग व्यापारिक दृष्टिकोण से भी बहुत महत्वपूर्ण है।












