



भागलपुर जिले के कहलगांव अनुमंडल अंतर्गत पकड़तल्ला इलाके में गंगा नदी से दो लापता महिलाओं – पिंकी देवी (35 वर्ष) और रेखा देवी (33 वर्ष) – के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों महिलाएं रसलपुर बहियार में रोपनी के लिए गई थीं, जहां से वे संदिग्ध हालात में लापता हो गई थीं।
पुलिस ने गंगा नदी से दोनों शव बरामद किए। शवों की स्थिति चिंताजनक थी – दोनों की जीभ बाहर निकली हुई थी, जिससे परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं शाहपुर निवासी वचनदेव मंडल की पत्नी शकुना देवी के साथ आठ महिलाओं के समूह में रोपनी करने गई थीं। रोपनी के बाद सभी महिलाएं लौट आईं, लेकिन पिंकी देवी और रेखा देवी वापस नहीं लौटीं।

जब परिजनों ने खोजबीन शुरू की और शकुना देवी से पूछताछ की, तो उन्होंने पहले गोलमोल जवाब दिया और कहा कि सभी महिलाओं को नदी पार करा दिया गया था और वे आती ही होंगी। लेकिन जब मामला रसलपुर थाना पहुंचा, तो पुलिस ने शकुना देवी से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने कबूल किया कि खेत मालिक प्रदीप यादव ने सभी महिलाओं को गेरुआ नदी पार करवाया था। इसी दौरान पिंकी और रेखा का हाथ छूट गया और वे बह गईं। शकुना ने यह भी बताया कि खेत मालिक के कहने पर घटना की जानकारी छुपाई गई।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के परिजन लगातार हत्या की आशंका जता रहे हैं। रेखा देवी के पति अशोक मंडल और पिंकी देवी के पति बीरबल मंडल ने खेत मालिक प्रदीप यादव पर जानबूझ कर हत्या करने और शवों को नदी में बहा देने का आरोप लगाया है।
घोघा थाना अध्यक्ष अजीत कुमार और रसलपुर थाना प्रभारी कन्हैया कुमार के नेतृत्व में महिला शकुना देवी और खेत मालिक प्रदीप यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के कारणों की सच्चाई सामने आ सके।














