



भागलपुर: सावन माह में भक्ति के साथ जनसेवा और सामाजिक चेतना का संदेश लेकर याराना भक्त मंडल एक बार फिर विशेष पदयात्रा का आयोजन करने जा रहा है। मंडल के संरक्षक अश्वनी जोशी मोंटी ने प्रेस वार्ता में बताया कि वर्ष 2011 से यह पदयात्रा लगातार आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि गंगा स्वच्छता, नशामुक्ति, पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।

इस वर्ष 25 जुलाई को बरारी घाट से 108 कांवरियों की टोली गंगाजल भरकर बासुकीनाथ धाम के लिए रवाना होगी। यात्रा की शुरुआत विधिवत पूजन के साथ होगी और रास्ते भर जनजागरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
अश्वनी जोशी मोंटी ने बताया कि यात्रा के मार्ग में स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर, मेडिकल किट वितरण और खानपान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और लोहिया पुल जैसे प्रमुख स्थलों पर सेवा कार्य भी किए जाएंगे।
यात्रा में पुरुषों के साथ महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और युवा भी भाग लेंगे। मंडल के सदस्य पदयात्रा के दौरान हिन्दू संस्कृति, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे, ताकि धार्मिक यात्रा के साथ सामाजिक जागरूकता का भी संचार हो सके।













