



भागलपुर: जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार बाइक ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। परिजन गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान बिहपुर थाना क्षेत्र के बबनगामा पठान टोली निवासी मोहम्मद जब्बार खान (36 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह सब्जी लेने के लिए बाजार गया था और लौटते समय रास्ते में तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी।

मृतक की बहन जीनत परवीन ने बताया कि बाइक सवार नशे की हालत में था और काफी तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। उसकी लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ।
जब्बार खान अविवाहित था। बहन ने बताया कि करीब पांच साल पहले उसकी शादी तय हुई थी, लेकिन शादी से एक सप्ताह पहले ही उसकी पत्नी घर से भाग गई थी। इसके बाद उसने दोबारा शादी नहीं की।
परिजनों ने दोषी बाइक सवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।













