



भागलपुर। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार के कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य 2025 में लापरवाही बरतने, उदासीनता दिखाने तथा बार-बार निर्देश के बावजूद आदेशों की अवहेलना करने वाले भागलपुर जिले के कई बीएलओ पर अनुशासनिक कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मध्य विद्यालय बुदुचक की आंगनवाड़ी सेविका अंजनी कुमारी को बीएलओ कार्य में अभिरुचि नहीं लेने और बार-बार निर्देश देने के बावजूद आदेश का पालन नहीं करने के कारण चयनमुक्त किया गया है। इसी प्रकार कहलगांव क्षेत्र की रेणु कुमारी, आंगनवाड़ी सेविका को पुनरीक्षण प्रपत्र नहीं उठाने, एक भी प्रपत्र जमा नहीं करने और पोर्टल पर अपलोड नहीं करने के आरोप में चयनमुक्त किया गया।
भागलपुर विधानसभा क्षेत्र के भीमराव अंबेडकर अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय, कंपनीबाग दक्षिण भाग की सहायक शिक्षिका नूतन कुमारी पर अनुमंडल पदाधिकारी सदर भागलपुर द्वारा प्रतिवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है।
गोपालपुर क्षेत्र के मध्य विद्यालय सिमरिया रंगरा चौक के विशिष्ट शिक्षक मणिकांत दास को पुनरीक्षण कार्य में रुचि नहीं लेने और फोन रिसीव नहीं करने के कारण निलंबित किया गया है। इसी तरह बरारी स्थित उर्दू प्राथमिक विद्यालय के सहायक शिक्षक जितेंद्र कुमार को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित किया गया है।
खलीफाबाग स्थित सारो साहू कन्या मध्य विद्यालय की सहायक शिक्षिका बेबी भारती, मसकन स्थित मध्य विद्यालय की बीबी मेहरूख, तिलकामांझी कन्या मध्य विद्यालय की संगीता कुमारी, और बरारी की उर्दू कन्या मध्य विद्यालय की विशिष्ट शिक्षिका निशा खातून को घोर लापरवाही, उदासीनता और कार्य में शिथिलता बरतने के कारण निलंबित कर दिया गया है।
वहीं गोपालपुर क्षेत्र के मवि वोड़वा के शिक्षक खगेन्द्र कुमार, मवि मंसूरगंज नगर निगम की पूनम कुमारी, नवस्थापित जिला स्कूल की प्रीति प्रिया, कहलगांव के मवि महियामा के जूल्फीकार हैदर, बिंदटोला नगरह के पंचायत शिक्षक अखिलेश भारती, राजपुर टोला के रविशंकर, नवटोलिया के विजय कुमार तथा अठगामा नारायणपुर के जजमेंट कुमार पर विभागीय कार्यवाही की गई है। इन सभी पर कार्य में लापरवाही, कर्तव्यहीनता, मनमानी, अनुशासनहीनता, ऊँची आवाज़ और अमर्यादित भाषा के प्रयोग जैसे गंभीर आरोप हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि निर्वाचन से संबंधित कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या निर्देशों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी बीएलओ से समयबद्ध एवं गंभीरता से कार्य करने की अपेक्षा की गई है।
















