


नवगछिया के इस्माइलपुर प्रखंड के लक्ष्मीपुर पंचायत स्थित मध्य विद्यालय डिमहा में शनिवार का दिन भावुक क्षणों से भरा रहा। विद्यालय की प्रिय शिक्षिका लीना कुमारी को छात्राओं और विद्यालय परिवार ने नम आंखों से विदाई दी। लीना कुमारी का चयन हेड टीचर के पद पर होने के कारण उनका स्थानांतरण हो गया है, जिससे छात्राएं और सहकर्मी शिक्षकों में मायूसी देखी गई।
विद्यालय परिसर में आयोजित विदाई समारोह में छात्राओं ने अपनी प्रिय शिक्षिका के प्रति स्नेह और सम्मान प्रकट किया। कई छात्राएं भावुक हो उठीं और अपने आँसुओं को रोक नहीं सकीं। इस दौरान लीना कुमारी ने भी छात्राओं के प्रति अपने गहरे लगाव को दर्शाया और सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय परिवार और स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लीना कुमारी ने अपने कार्यकाल के दौरान विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उनकी सरल और प्रभावी शिक्षण शैली, अनुशासन, तथा विद्यार्थियों के प्रति समर्पण ने उन्हें सबकी प्रिय बना दिया था।
समारोह में विद्यालय के अन्य शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय गणमान्य लोगों ने लीना कुमारी को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












