



भागलपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय ने एक और नया आयाम स्थापित किया है। अब तक एनएसएस स्वयंसेवकों को केवल गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने का अवसर मिलता था, लेकिन इस वर्ष से राष्ट्रीय सेवा योजना को 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी विशेष अतिथि के तौर पर आमंत्रित करने की परंपरा की शुरुआत की गई है।
इस ऐतिहासिक कड़ी में बिहार से केवल दो स्वयंसेवकों का चयन किया गया है, जिनमें से एक स्वयंसेवक तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के गुलजार अली हैं। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राहुल कुमार ने हर्षित होकर यह सूचना दी कि राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्रीय निदेशालय से प्राप्त पत्र के अनुसार गुलजार अली का चयन 15 अगस्त 2025 को लाल किला परिसर, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष अतिथि के रूप में हुआ है।

इस चयन के बाद, गुलजार अली को 13 अगस्त 2025 को नई दिल्ली में रिपोर्ट करने की अनिवार्यता दी गई है, जबकि वापसी 16 अगस्त 2025 को प्रातः 10:00 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी।
गुलजार अली के इस सम्मान पर कार्यक्रम समन्वयक ने विशेष रूप से क्षेत्रीय निदेशक विनय कुमार को धन्यवाद दिया और बीएन कॉलेज के एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. इरशाद अली को बुलाकर गुलजार अली का विश्वविद्यालय एनएसएस प्रमाण पत्र सौंपा। साथ ही, उन्हें दस्तावेजों को दुरुस्त करने और टिकट संबंधी कार्यवाही के लिए तत्काल निर्देश दिए गए।
तिलका मांझी विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव एवं अन्य सभी अधिकारियों ने गुलजार अली को इस ऐतिहासिक चयन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

यह चयन विश्वविद्यालय के लिए एक गर्व का क्षण है और यह एनएसएस की महत्ता को और भी बढ़ाता है।












