



नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र के तिनटंगा करारी गांव में गुरुवार सुबह लगभग 08:20 बजे एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवगछिया एवं गोपालपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर उसे संरक्षित किया। जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया।

इस गंभीर घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक नवगछिया ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया, जिसमें गोपालपुर थानाध्यक्ष व डीआईयू (डिटेक्टिव इन्वेस्टिगेशन यूनिट) की टीम को शामिल किया गया।

गठित टीम ने तत्परता दिखाते हुए महज दो घंटे के भीतर हत्याकांड के मुख्य आरोपी प्रकाश मंडल, पिता स्व. बनारसी मंडल, निवासी तिनटंगा करारी, थाना गोपालपुर, जिला भागलपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से हत्या में प्रयुक्त एक देशी कट्टा और एक खोखा भी बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी प्रकाश मंडल ने पूछताछ में महिला की हत्या की बात स्वीकार कर ली है। अन्य पहलुओं की जांच एवं पूछताछ जारी है। इस घटना को लेकर गोपालपुर थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।













